जमशेदपुर में धूमधाम से हुआ रावण दहन, छोटा गोविंदपुर में 51 फीट के रावण का पुतला जला

Views: 0

जमशेदपुर: विजयादशमी के अवसर पर बुधवार को लौहनगरी जमशेदपुर में दशहरा का उत्साह देखने को मिला। शहर के अलग-अलग इलाकों में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए गए। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कहीं 51 फीट, तो कहीं 27 और 18 फीट ऊंचे रावण के पुतलों का दहन किया गया। आतिशबाजी और पारंपरिक आयोजनों ने दशहरा उत्सव को खास बना दिया।

छोटा गोविंदपुर में 51 फीट ऊंचे रावण का दहन

छोटा गोविंदपुर स्थित वीर कुंवर सिंह मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने रावण दहन किया। श्रीश्री वीर कुंवर सिंह मैदान रावण दहन समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आकर्षक आतिशबाजी लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण रही।आयोजन स्थल पर रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। समिति के अनुसार, मैदान में रावण दहन की परंपरा वर्ष 2007 से चली आ रही है।

बागुनहातु में 27 फीट के रावण का पुतला जला

बागुनहातु फुटबॉल मैदान में भी दशहरा के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां 27 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी विकास सिंह ने रावण दहन किया।आयोजन समिति ने पुतले में करीब एक लाख रुपये के पटाखे लगाए जाने की जानकारी दी। यहां पिछले करीब 32 वर्षों से रावण दहन की परंपरा चली आ रही है। इस आयोजन में भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

रामलीला मैदान में अमरप्रीत सिंह काले ने किया रावण दहन

शहर के रामलीला मैदान में 18 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। यहां भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले ने रावण दहन किया। कार्यक्रम देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी और दशहरा का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया गया।

परिवार के साथ पहुंचे लोग, आतिशबाजी का लिया आनंद

जमशेदपुर में दशहरा और रावण दहन को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। विभिन्न आयोजन स्थलों पर लोग परिवार के साथ पहुंचे और रावण दहन के साथ आतिशबाजी का आनंद लिया।रावण दहन के जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों ने दशहरा के पारंपरिक और सांस्कृतिक स्वरूप को जीवंत किया।

More From Author

पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों का किया भ्रमण, मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर दी विजयादशमी की शुभकामनाएं