जमशेदपुर: बागबेड़ा सड़क हादसे के बाद इलाज को लेकर बवाल, डीबी रोड दो घंटे जाम, डीएसपी पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप

जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा में गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे के बाद शाम को इलाज की व्यवस्था और दुर्घटना करने वाली कार के मालिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बागबेड़ा स्थित डीबी रोड को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

डीएसपी पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब मौके पर पहुंचे डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल के इलाज में मदद की गुहार लगाने के लिए एक युवक डीएसपी के पैर पकड़ने लगा। आरोप है कि इससे नाराज होकर डीएसपी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इलाज के खर्च को लेकर परिजनों की नाराजगी

घायल शिक्षक प्रेम महतो के परिजनों का आरोप है कि उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के लिए करीब 8 लाख रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन मदद की गुहार लेकर बागबेड़ा थाना पहुंचे।परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस से दुर्घटना करने वाली कार के मालिक का पता लगाने और इलाज में सहायता की मांग की, लेकिन थाना प्रभारी ने कथित तौर पर कहा कि “आप लोग खुद वाहन मालिक को खोजकर ले आइए।” इसी बात से नाराज होकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और डीबी रोड जाम कर दिया।

सुबह तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को मारी थी टक्कर

गौरतलब है कि गुरुवार सुबह बागबेड़ा में एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया था। हादसे में शिक्षक प्रेम महतो गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए थे।

दो घंटे बाद खुला जाम, जांच जारी

सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन और हंगामे के बाद अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

More From Author

फाइल फोटो

जमशेदपुर: मानगो पुल जाम के कारण एंबुलेंस में प्रसव मामले पर एनएचआरसी सख्त; झारखंड के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर मांगी रिपोर्ट

सिक्किम टनल हादसे में झारखंड के तीन मजदूरों की मौत, चाईबासा और खूंटी के परिवारों में मातम