जमशेदपुर: डिमना लेक के पास ‘लेक व्यू रिजॉर्ट’ में ग्रामीणों की छापेमारी; सेक्स रैकेट का आरोप, 3 युगल पकड़े गए

जमशेदपुर/बोड़ाम:बोड़ाम थाना क्षेत्र के गेरूआ गांव के समीप स्थित लेक व्यू होटल एंड रिजॉर्ट रविवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने रिजॉर्ट में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए वहां जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मौके से तीन युवक और तीन युवतियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है।

ग्रामीणों ने खुद की छापेमारी

ग्रामीणों के अनुसार, डिमना लेक के पीछे स्थित इस रिजॉर्ट में पिछले काफी समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। बाहरी युवक-युवतियों का लगातार आना-जाना ग्रामीणों की नजर में था। रविवार को ग्रामीण एकजुट हुए और अचानक रिजॉर्ट के कमरों की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान अलग-अलग कमरों से 3 युवक और 3 युवतियां पकड़ी गईं। ग्रामीणों का दावा है कि ये सभी आपत्तिजनक स्थिति में थे। जोड़ों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें परिसर में ही रोक लिया और रिजॉर्ट प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस

घटना की जानकारी मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण रहा।पुलिस जब पकड़े गए युवक-युवतियों को थाने ले जाने लगी, तो ग्रामीणों ने रास्ता रोक दिया। उत्तेजित ग्रामीणों की मांग थी कि पुलिस पहले लिखित रूप से रिजॉर्ट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दे। साथ ही रिजॉर्ट मालिक को मौके पर बुलाने की जिद पर लोग अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।

“अवैध गतिविधियों का अड्डा बना रिजॉर्ट”

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिजॉर्ट के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस रिजॉर्ट को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। क्षेत्र के अन्य होटलों और रिजॉर्ट्स की भी जांच हो ताकि ऐसी गतिविधियों पर लगाम लग सके।

पुलिस का पक्ष

बोड़ाम पुलिस ने जैसे-तैसे स्थिति को संभाला और पकड़े गए लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों से लिखित शिकायत मिलने के बाद रिजॉर्ट संचालक और अन्य दोषियों के खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

जमशेदपुर: सरकारी स्कूलों में खौफ का साया; नशेड़ियों के अड्डे बने परिसर, सोपोडेरा और उलियान में हत्याओं ने दहलाया

बिरसानगर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन का शिलान्यास; 60 लाख से होगा कायाकल्प, सांसद और विधायक ने किया शुभारंभ

Recent News