जमशेदपुर : संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के शुभ अवसर पर झारखंड प्रदेश यूथ इंटक की ओर से सामाजिक पहल की गई। प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह के नेतृत्व में पिछड़े वर्ग के बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री (स्टेशनरी) का वितरण किया गया और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
शिक्षा ही सच्ची श्रद्धांजलि
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्यम सिंह ने बाबा साहेब के संघर्षों को याद किया। उन्होंने कहा बाबा साहेब का जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षा के बल पर किसी भी भेदभाव और विपरीत परिस्थिति को जीता जा सकता है।उन्होंने बढ़ती महंगाई का जिक्र करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे कठिनाइयों के बावजूद बच्चों की पढ़ाई न रोकें। बच्चों को शिक्षित करना ही बाबा साहेब के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सत्यम सिंह ने जोर दिया कि जब समाज का हर वर्ग शिक्षित होगा, तभी स्वतंत्रता और न्याय पर आधारित अंबेडकर जी का सपना साकार होगा।
बच्चों में दिखा उत्साह
पठन सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान न केवल सामग्री बांटी गई, बल्कि बच्चों और उनके माता-पिता के साथ शिक्षा के महत्व पर सीधा संवाद भी किया गया। उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के पदचिन्हों पर चलने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य उपस्थिति
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में यूथ इंटक के कई सदस्यों और स्थानीय लोगों ने सहयोग दिया। मौके पर मुख्य रूप से पारस मुखी, शुभम मुखी, रोशन मुखी महेश मुखी, नितिन मुखी, देवराज मुखी सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय निवासी और बच्चे उपस्थित रहे।
