जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपाड़ी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही घर में आग लगा दी। इस घटना में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया और लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
मिली जानकारी के अनुसार गोलपाड़ी निवासी राजा प्रसाद ने गुस्से में आकर यह कदम उठाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह अक्सर नशे की हालत में पत्नी के साथ विवाद करता था।गुरुवार सुबह भी वह नशे में था और पत्नी के साथ झगड़ा कर रहा था। इसी दौरान उसने गुस्से में आकर घर में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
दमकल और स्थानीय लोगों ने बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। मौके पर दमकल की गाड़ी पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह आग आसपास के कई घरों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
जलकर राख हुआ सामान और कागजात
इस आगजनी की घटना में घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, साथ ही जरूरी दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए।हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर किए गए प्रयासों से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
पुलिस कार्रवाई की तैयारी में
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
