जमशेदपुर में झामुमो का प्रदर्शन, अयोध्या श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता के आरोपों की न्यायिक जांच की मांग

जमशेदपुर में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता और चोरी के आरोपों की न्यायिक जांच की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने साकची से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

श्रीराम, माता सीता और वानर सेना की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र

रैली का नेतृत्व झामुमो नेता बबन राय ने किया। प्रदर्शन को संदेशात्मक बनाने के लिए रैली में भगवान श्रीराम, माता सीता और वानर सेना की झांकियां भी शामिल की गईं।कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी की तथा कथित वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और करोड़ों रुपये की चोरी के आरोपों की न्यायिक जांच कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई।

‘निष्पक्ष जांच से जनता का भरोसा बना रहेगा’

प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने कहा कि यदि किसी धार्मिक संस्थान से जुड़े वित्तीय मामलों में भ्रष्टाचार या अनियमितता के आरोप सामने आते हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के विश्वास के लिए आवश्यक है।उन्होंने कहा कि जांच से सच्चाई सामने आएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।

More From Author

साकची में अनियंत्रित ट्रक कोटक महिंद्रा बैंक में घुसा, चालक घायल, बड़ा हादसा टला

पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी के विरोध में जमशेदपुर में प्रदर्शन, गृह मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन