कदमा चेन स्नैचिंग कांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, पिघलाकर बनाई गई थीं सोने की अंगूठियां

जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो छिनतई करने वाले अपराधी और एक ज्वेलरी दुकानदार शामिल है, जिसने लूटी गई चेन को खरीदकर उसे पिघला दिया था।

2 मई को हुई थी चेन स्नैचिंग की घटना

सिटी एसपी ललित मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 मई 2026 को कदमा थाना क्षेत्र के अनिल सुरपथ रोड पर स्कूटी सवार दो अज्ञात अपराधियों ने अनिता चौधरी के गले से सोने की चेन छीन ली थी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था।

तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को मिली सफलता

पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में 6 मई को टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, कदमा के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अपराधियों की पहचान आदित्यपुर निवासी 26 वर्षीय प्रकाश पटेल और कदमा भाटिया बस्ती निवासी 25 वर्षीय प्रीतम सिंह उर्फ पोदो के रूप में हुई है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि छिनतई की गई सोने की चेन को कदमा स्थित जेपी ज्वेलर्स के संचालक निखिल सोनी को 25 हजार रुपये में बेच दिया गया था।इसके बाद पुलिस ने ज्वेलरी दुकानदार निखिल सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।

पिघलाकर बनाई गई थीं तीन सोने की अंगूठियां

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि निखिल सोनी ने चोरी की चेन को पिघलाकर तीन सोने की अंगूठियों में बदल दिया था।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 ग्राम वजन की तीन सोने की अंगूठियां, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रकाश पटेल का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, गृहभेदन और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

More From Author

जमशेदपुर: पीडीएस डीलर मृणाल रजक की मौत पर उबाल; कमीशन के लिए डीसी ऑफिस पर प्रदर्शन, 10 लाख मुआवजे की मांग

बारीडीह हाई स्कूल में मातृ दिवस का उल्लास, नन्हे बच्चों ने नृत्य और गीतों से माताओं के प्रति जताया आभार