खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को भगवान जगन्नाथ के रथ को किनारे करने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। रथ पर लगा झंडा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे पूरे रथ में करंट दौड़ गया। इस हादसे में रथ को धक्का लगा रहे आठ स्कूली छात्र करंट की चपेट में आ गए। इनमें दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है।
रथ का झंडा हाईटेंशन लाइन से टकराया, हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, तोरपा थाना क्षेत्र के निधिवन रेस्टोरेंट के समीप भगवान जगन्नाथ का रथ मौसीबाड़ी में रुका हुआ था। रथ को किनारे करने के लिए श्रीहरि प्लस टू उच्च विद्यालय के आठ छात्र उसे धक्का लगा रहे थे। इसी दौरान रथ पर लगा झंडा ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से सट गया और पूरे रथ में करंट फैल गया। इससे सभी छात्र करंट की चपेट में आ गए।
दो छात्रों की मौत, छह का इलाज जारी
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय चंदन कुमार और 18 वर्षीय तेजेश्वर महतो के रूप में हुई है। दोनों श्रीहरि प्लस टू उच्च विद्यालय के 12वीं कक्षा के छात्र थे।
टिफिन के दौरान रथ के पास पहुंचे थे छात्र
परिजनों के अनुसार, टिफिन के दौरान दोनों छात्र अपने साथियों के साथ रथ के पास गए थे। रथ को धक्का लगाने के दौरान अचानक करंट फैल गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रघुनंदन भगत ने बताया कि दोनों युवकों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने का प्रतीत होता है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है।
