बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट और रंगदारी की साजिश नाकाम, दो युवक अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार

बोकारो: बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित आपराधिक वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया। जरीडीह थाना क्षेत्र के तिरो टोला रजवारडीह में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने 19 वर्षीय दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी लूट और रंगदारी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

दो देशी रिवॉल्वर, दो कट्टा और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ बेरमो (तेनुघाट) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान विक्रम कुमार दास (19) और विक्रम कुमार कपरदार (19) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके घर के छज्जे और तकिए के नीचे छिपाकर रखे गए दो देशी रिवॉल्वर, दो देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

बंगाल से खरीदे थे अवैध हथियार

एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने ये अवैध हथियार कुछ महीने पहले पश्चिम बंगाल की ओर से आए दो अज्ञात व्यक्तियों से खरीदे थे। पुलिस के अनुसार दोनों इन हथियारों के सहारे रंगदारी और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस ने सभी अवैध हथियार जब्त कर लिए हैं और दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी जांच तेज कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

एसपी बोले- समय रहते टली बड़ी आपराधिक घटना

एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते टाल दिया गया। पूरे मामले की गहन जांच जारी है और हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

More From Author

धनबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, दागी अपराधियों की परेड कर कानून का दिखाया डर

बोकारो में वायरल वीडियो पर पुलिस का बड़ा एक्शन, युवक की पिटाई के आरोप में आरक्षी निलंबित