बोकारो: सोशल मीडिया पर युवक की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिटी थाना में पदस्थापित आरक्षी इकरार खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ की है घटना
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप का बताया जा रहा है। घटना बुधवार देर शाम की है, जिसमें वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी और उसके साथ मौजूद एक युवक एक अन्य युवक की पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मुखिया के बेटे के साथ मारपीट का आरोप
बताया जा रहा है कि मारपीट का शिकार हुआ युवक स्थानीय हैसाबातु मुखिया का पुत्र है। वहीं, वीडियो में दिखाई देने वाला पुलिसकर्मी सिटी थाना का आरक्षी इकरार खान है और उसके साथ उसका पुत्र भी मौजूद था।
पीड़ित की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
मारपीट की घटना के बाद पीड़ित युवक की ओर से सिटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक ने आरक्षी इकरार खान को निलंबित कर दिया है।
आपसी विवाद बताया जा रहा कारण
प्रारंभिक जांच में मारपीट की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
