जमशेदपुर। जमशेदपुर पुलिस ने नकली सिगरेट के बड़े कारोबार का पर्दाफाश करते हुए मानगो थाना क्षेत्र और कपाली के इस्लामनगर में कार्रवाई कर करीब 39 लाख रुपये मूल्य की नकली सिगरेट जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिगरेट का निर्माण कहां हो रहा था और इसका नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला है।
ब्रांडेड कंपनी की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक ब्रांडेड सिगरेट कंपनी की ओर से नकली सिगरेट की बिक्री की शिकायत मिल रही थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-17 स्थित केरल पब्लिक स्कूल के समीप कुछ युवक नकली सिगरेट बेचने पहुंचे हैं।सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एएसपी ऋषभ त्रिवेदी, मानगो थाना प्रभारी और कपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
स्कूटी सवार दो युवकों से मिले 500 पैकेट
छापेमारी के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। उनके पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद अंसारी, निवासी परडीह रोड और एहतेशाम शमीम, निवासी आजादनगर, बावनगोड़ा
के रूप में हुई है।
कपाली के गोदाम से मिली 45,600 पैकेट नकली सिगरेट
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि कपाली के इस्लामनगर में नकली सिगरेट का गोदाम बनाया गया है। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की।गोदाम से 19 बोरों में रखे 45,600 नकली सिगरेट के पैकेट बरामद किए गए। जब्त सिगरेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई जा रही है।
निर्माण स्थल और नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली सिगरेट की बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। अब जांच का अगला चरण यह पता लगाना है कि इन नकली सिगरेटों का निर्माण कहां किया जा रहा था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का भी खुलासा किया जा सकता है।
