जमशेदपुर: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को डुमनी संगम में “एक पौधा भविष्य के नाम” अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, डीएफओ सवा आलम तथा मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और शहर के कई गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
‘हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा जरूर लगाए’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और बेहतर जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
जनभागीदारी से साकार होगा हरित झारखंड का सपना
डीएफओ सवा आलम ने कहा कि वन विभाग पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना हरित झारखंड का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है।वहीं मेयर सुधा गुप्ता ने नागरिकों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण करने तथा शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने की अपील की।
पौधों की देखभाल का भी लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “एक पौधा भविष्य के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
