जमशेदपुर: शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने की घटनाएं सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला से झपटी 3 लाख की चेन
ताजा मामला उलीडीह ओपी क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-1 का है। शनिवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली आशा रानी षाडंगी को एक उचक्के ने निशाना बना लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पैदल आया और महिला के गले से करीब 3 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी मौके से भाग निकला।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना उलीडीह पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
24 घंटे में तीन थाना क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग
इससे पहले शुक्रवार को शहर में दो और चेन स्नैचिंग की घटनाएं हुई थीं।सोनारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीनी गई।साकची थाना क्षेत्र में जिला समाहरणालय और एसपी कार्यालय के समीप बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से चेन झपट ली।अब उलीडीह में तीसरी घटना सामने आने के बाद शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
पुलिस के सामने बढ़ी चुनौती
लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। लोग शहर में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत करने और सक्रिय चेन स्नैचिंग गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं।फिलहाल पुलिस तीनों मामलों के बीच किसी संभावित कड़ी की भी जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।
