Views: 3
जमशेदपुर। ससुराल में कथित प्रताड़ना से परेशान होकर अपनी तीन बेटियों के साथ कीटनाशक खाने वाली पिंकी कुमारी और उसकी चार वर्षीय छोटी बेटी ऋषिका मेहता की एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। ऋषिका ने शनिवार देर रात दम तोड़ा, जबकि पिंकी की रविवार सुबह करीब 11:30 बजे मौत हो गई। पिंकी की दो अन्य बेटियों की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।मौत की खबर मिलने के बाद रविवार को मायके पक्ष के लोगों ने एमजीएम अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होने के बाद ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना उलीडीह ओपी क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित केदार बगान की है।
मैगी और चाय में कीटनाशक मिलाकर बेटियों को पिलाया था
बताया जाता है कि बीते 3 नवंबर को पिंकी ने अपनी तीनों बेटियों को मैगी और चाय में कीटनाशक मिलाकर पिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया था। सभी की तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चारों का इलाज चल रहा था।इलाज के दौरान पिंकी ने आरोप लगाया था कि तीसरी बेटी के जन्म के बाद से पति धर्मपाल मेहता, सास-ससुर, देवर और देवरानी उसे प्रताड़ित कर रहे थे। उसका पति ओडिशा के झारसुगुड़ा स्थित एक कंपनी में काम करता है। पिंकी की बेटियों में 13 वर्षीय माही, पांच वर्षीय बेटी और चार वर्षीय ऋषिका शामिल थीं।
शिकायत के बाद बढ़ गई थीं परेशानियां, पुलिस से मांगी थी मदद
पिंकी ने इलाज के दौरान बताया था कि 22 अक्टूबर को उसकी देवरानी गुड़िया ने उलीडीह थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उसकी परेशानियां और बढ़ गई थीं और वह तनाव में रहने लगी थी।पिंकी के अनुसार, वह लगातार पुलिस से मदद मांग रही थी। 28 अक्टूबर को वह उलीडीह थाना पहुंची थी और इसके बाद अपनी बेटियों के साथ सिटी एसपी कार्यालय भी गई थी। वहां उससे लिखित शिकायत मांगी गई, लेकिन लिखना नहीं आने के कारण वह अपनी बात लिखित रूप में नहीं दे सकी। महिला का आरोप था कि पुलिस से मदद नहीं मिलने और ससुराल में लगातार प्रताड़ना के कारण वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी।
भाई ने समाज के नेता पर भी लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर बिहार के नवादा से जमशेदपुर पहुंचे पिंकी के भाई आर्यन कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को पति, देवर और देवरानी के अलावा कुशवाहा समाज के नेता शिवकुमार भगत भी परेशान करते थे। उन्होंने शिवकुमार भगत समेत अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।आर्यन कुमार ने कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी के बाद ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हालांकि, पुलिस इस मामले में आरोपी पति धर्मपाल मेहता और देवरानी गुड़िया को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि देवर राजीव फरार बताया जा रहा है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
