Views: 4
हजारीबाग: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में जीटी रोड स्थित जोकट के समीप सरदारपुर के ऐ के. इंटरनेशनल होटल में बाइक सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दहशत फैला दी। अपराधियों ने होटल परिसर में करीब छह राउंड गोलियां चलाईं और मौके पर राहुल दुबे गैंग का पर्चा छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बाइक से पहुंचे अपराधियों ने की फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, दो अपराधी बाइक पर सवार होकर होटल पहुंचे और आते ही ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। गोलीबारी के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने छह खोखे बरामद किए हैं। वहीं, अपराधियों द्वारा छोड़े गए पर्चे पर ‘महाकाल’ लिखा हुआ था।
होटल मालिक कोयला कारोबार से जुड़े
बताया जा रहा है कि ऐ के इंटरनेशनल होटल के मालिक अभय सिंह हैं, जो कोयला व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले हजारीबाग में भी उनके एक होटल में गोलीबारी की घटना हुई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और बरही इंस्पेक्टर अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक सवार अपराधियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
