सरायकेला: कपाली फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, आरोपी सलमान उर्फ जम्बू ओडिशा से गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत इस्लामनगर में हुए चर्चित फायरिंग कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। अफसर नवाज पर जानलेवा हमला करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी मोहम्मद सलमान उर्फ जम्बू को पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल इस वारदात में होने की आशंका जताई जा रही है।

2 जून को मजार के पीछे हुई थी अंधाधुंध फायरिंग

मामले का खुलासा करते हुए चांडिल एसडीपीओ ने बताया कि 2 जून की दोपहर इस्लामनगर वार्ड संख्या-5 स्थित मजार के पीछे अफसर नवाज पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

एसपी के निर्देश पर बनी टीम ने ऐसे की कार्रवाई

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर तत्काल केस दर्ज कर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। पुलिस की यह टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ओडिशा में छिपा है, जिसके बाद पुलिस ने वहां दबिश देकर मोहम्मद सलमान उर्फ जम्बू को दबोच लिया।

जमशेदपुर का रहने वाला है आरोपी, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद सलमान उर्फ जम्बू मूल रूप से जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-17 का निवासी है।”गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कपाली लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस को इस कांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपी की निशानदेही पर जो पिस्टल बरामद हुई है, उसकी बैलेस्टिक जांच कराई जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि इसी हथियार से अफसर नवाज पर गोली चलाई गई थी या नहीं।”
— कपाली पुलिस प्रशासन

भेजा गया जेल, अन्य की तलाश जारी

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। ओपी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई संगीन मामलों में जेल की हवा खा चुका है।इस कांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

इस टीम को मिली सफलता

इस सफल छापेमारी अभियान में मुख्य रूप से धीरंजन कुमार (कपाली ओपी प्रभारी),
हीरालाल मुंडू (सब-इंस्पेक्टर),विपिन कुमार (टाइगर जवान) सहित सशस्त्र बल के अन्य जवान शामिल रहे।

More From Author

बोकारो में झामुमो का बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर, मतदाता सूची से नाम कटने पर नेताओं ने जताई चिंता