सरायकेला थाना क्षेत्र के कोलाबिरा में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने की मांग करने लगे।
दवा लेने जा रहे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, हाथीटांड़ निवासी शंभू चरण महतो बाइक से कदमा से दुगनी की ओर दवा लेने जा रहे थे। उनके साथ रापचा निवासी फुलसरी महतो भी बाइक पर सवार थीं। इसी दौरान कोलाबिरा के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में फुलसरी महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शंभू चरण महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद हाईवा चालक फरार, वाहन दुगनी में पकड़ा गया
घटना के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पीछा कर हाईवा को दुगनी क्षेत्र में पकड़ लिया। सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर सड़क जाम कर दिया। उनका आरोप है कि जिले में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, फरार चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की।
आवागमन हुआ बाधित
समाचार लिखे जाने तक शव घटनास्थल पर ही रखा हुआ था। पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही थी। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
