जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित कलियाडीह कैनाल में रविवार सुबह करीब 34 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने कैनाल में शव को पानी में तैरते देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान नहीं, पुलिस कर रही शिनाख्त का प्रयास
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त करने और परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी पहचान में सहयोग की अपील की है।
स्थानीय लोगों ने जताई हत्या की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला का शव नग्न अवस्था में कैनाल में तैरता मिला। बताया जा रहा है कि उसके हाथों में मेहंदी लगी हुई थी। शव की स्थिति को देखकर कुछ लोगों ने हत्या की आशंका जताई और संभावना व्यक्त की कि किसी अप्रिय घटना के बाद शव को कैनाल में फेंका गया हो सकता है।हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
डीएसपी बोले- हर एंगल से हो रही जांच
लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि एक महिला का शव बरामद हुआ है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि महिला की नहाने के दौरान डूबने से मौत हुई हो और शव बहकर इस स्थान तक पहुंचा हो। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने लोगों से मांगी पहचान में मदद
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतका के संबंध में कोई जानकारी हो या उसकी पहचान के बारे में पता हो तो तत्काल परसुडीह थाना से संपर्क करें, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
