जमशेदपुर: 7 और 8 अगस्त को आजसू पार्टी के दो बड़े सम्मेलन, संगठन विस्तार और जनआंदोलन की रणनीति पर होगा मंथन

जमशेदपुर में आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक रविवार को निर्मल गेस्ट हाउस में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की। बैठक में आगामी 7 अगस्त को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन तथा 8 अगस्त को निर्मल महतो शहादत दिवस के अवसर पर कदमा के गणेश पूजा मैदान में आयोजित होने वाले विशाल सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सुदेश महतो समेत केंद्रीय नेतृत्व रहेगा मौजूद

पार्टी के अनुसार, दोनों कार्यक्रमों में आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, सांसद, विधायक, प्रधान महासचिव, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक सहित केंद्रीय नेतृत्व शामिल होगा। सम्मेलन में संगठन विस्तार, राज्य के प्रमुख मुद्दों पर रणनीति और भविष्य के जनआंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।पार्टी का यह भी दावा है कि इन आयोजनों में पूरे झारखंड से हजारों कार्यकर्ता, युवा और समर्थक शामिल होंगे।

रामचंद्र साहिश ने राज्य के मुद्दों पर उठाई आवाज

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र साहिश ने कहा कि झारखंड आज रोजगार, किसानों के अधिकार और विकास जैसे मुद्दों पर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि 7 और 8 अगस्त के कार्यक्रम राज्य के स्वाभिमान, अधिकार और परिवर्तन के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम बनेंगे।

निर्मल महतो के संघर्ष को बताया प्रेरणा

आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि निर्मल महतो का बलिदान झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में कार्यकर्ता राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए संघर्ष और जनआंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे।

कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

बैठक में उपस्थित नेताओं ने प्रदेशभर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और झारखंडवासियों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। साथ ही सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों और जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।

More From Author

परसुडीह के कलियाडीह कैनाल में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी