जमशेदपुर में रेलवे ट्रैक पर युवती का शव मिलने से सनसनी, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

जमशेदपुर। सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तुरामडीह में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की नजर ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ते ही उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सरायकेला की रहने वाली थी मृतका

मृतका की पहचान सरायकेला जिला के दूधी गांव निवासी 19 वर्षीय बेबी सोरेन के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही उसकी मां चंपा सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य जमशेदपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए।

आत्महत्या, हत्या या हादसा – जांच जारी

पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच हर पहलू से कर रही है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने आत्महत्या की, उसकी हत्या हुई या वह किसी हादसे का शिकार हुई।अजीत मुंडा, थाना प्रभारी सुंदरनगर थाना ने बताया कि युवती रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची, इसकी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

चार महीने पहले हुई थी प्रेम विवाह

जानकारी के अनुसार, बेबी सोरेन की शादी करीब चार महीने पहले चाईबासा के एक युवक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद वह कुछ समय के लिए अपने मायके आई थी और हाल ही में जमशेदपुर पहुंची थी। वह करनडीह इलाके में अपनी सहेली निकिता के साथ रह रही थी।

घर से निकलने के कुछ देर बाद मिला शव

बताया जा रहा है कि बेबी रोज सुबह घर से कहीं निकल जाती थी। गुरुवार सुबह भी वह घर से निकली थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना मिलने पर उसकी सहेली निकिता मौके पर पहुंची और शव की पहचान की, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

मोबाइल जब्त, कॉल डिटेल की जांच

पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसकी कॉल डिटेल व अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस हर संभावित एंगल से जांच में जुटी हुई है।

More From Author

टाटा पावर मजदूर यूनियन की बैठक में मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा, भुगतान नहीं हुआ तो हड़ताल की चेतावनी

सारंडा: सर्च ऑपरेशन के दौरान IED ब्लास्ट, एक जवान गंभीर रूप से घायल; एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया