जमशेदपुर। टाटा पावर मजदूर यूनियन की एक महत्वपूर्ण बैठक साकची स्थित यूनियन कार्यालय में उपाध्यक्ष अम्बुज कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में टाटा पावर में कार्यरत मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
दिसंबर 2025 में सौंपा गया था मांग पत्र
बैठक में बताया गया कि मजदूरों से संबंधित मांग पत्र 15 दिसंबर 2025 को उप श्रमायुक्त को सौंपा गया था। लेकिन अब तक टाटा पावर प्रबंधन और ठेका एजेंसियों की ओर से उस पर कोई मंतव्य प्रस्तुत नहीं किया गया है।
ओवरटाइम और अंतिम भुगतान लंबित
बैठक में जानकारी दी गई कि टाटा पावर में कार्यरत ताज टेक्नो कंपनी द्वारा मजदूरों का लगभग 20 लाख रुपये का ओवरटाइम डबल भुगतान और अंतिम पावना अब तक लंबित है।इसके अलावा इएसपी विभाग में कार्यरत करीब 100 ठेका मजदूरों का भुगतान भी नहीं हुआ, जिससे मजदूरों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
तीन वर्षों से ओवरटाइम का पूरा भुगतान नहीं
मजदूरों ने आरोप लगाया कि ठेका प्रतिष्ठान आरके इरेक्टर्स द्वारा पिछले तीन वर्षों से मजदूरों को ओवरटाइम का भुगतान निर्धारित दोगुनी दर से नहीं किया गया है।साथ ही टाटा पावर के फायर विभाग के मजदूरों के साथ भी इसी प्रकार का अन्याय होने की बात कही गई।
हड़ताल की चेतावनी
मजदूरों ने कहा कि वर्तमान में भी आरके इरेक्टर्स द्वारा मजदूरों से ओवरटाइम कराया जा रहा है, जिससे उनमें भारी असंतोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो सीएचपी, इएसपी और मेंटेनेंस विभाग के मजदूर हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी टाटा पावर प्रबंधन की होगी।
पवन कुमार को काम पर नहीं रखने से नाराजगी
बैठक में यह भी बताया गया कि मजदूरों की मांगों को लेकर ज्ञापन देने वाले पवन कुमार को अब तक काम पर नहीं रखा गया है, जिससे मजदूरों में आक्रोश बढ़ रहा है।
मई दिवस मनाने का निर्णय
बैठक में सर्वसम्मति से आगामी मई दिवस को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।
