जमशेदपुर: मानगो स्थित आर वी एस अकादमी ने आज अपनी स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे होने पर ‘रजत जयंती समारोह’ का भव्य आयोजन किया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय की इस यात्रा का जश्न मनाने के लिए पूर्व छात्र, अभिभावक और शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दीप प्रज्ज्वलन और ‘दीया वॉक’ से हुई शुरुआत
समारोह का प्रारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर आयोजित ‘रजत जयंती दीया वॉक’ आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें विद्यार्थी मंच पर 25 दीप लेकर आए। ये दीप विद्यालय के 25 वर्षों और उसके आधारभूत मूल्यों—ईमानदारी, दृढ़ता, करुणा और उत्कृष्टता—का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
1 छात्र से 2800 तक का प्रेरणादायक सफर
विद्यालय के चेयरमैन श्री बिंदा सिंह ने संस्थान की यात्रा को याद करते हुए बताया कि आर वी एस अकादमी की शुरुआत मात्र 1 विद्यार्थी और 2 शिक्षकों के साथ हुई थी। आज यह वटवृक्ष बनकर 2800 से अधिक विद्यार्थियों और 104 शिक्षकों के साथ शहर का एक प्रमुख शिक्षा केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य हमेशा से ही संस्कारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना रहा है।
मुख्य अतिथि श्री अर्जुन मुंडा का संबोधन
मुख्य अतिथि श्री अर्जुन मुंडा ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा “आर वी एस अकादमी जैसे संस्थान राष्ट्र निर्माण में रीढ़ की हड्डी की तरह हैं। 25 वर्षों की यह निरंतरता दिखाती है कि संस्था ने शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण पर भी जोर दिया है।” उन्होंने छात्रों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने और लक्ष्यनिष्ठ बनने के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
एलकेजी और कक्षा एक के बच्चों की मासूम प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। एक विशेष फिल्म के जरिए विद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक के सफर को दिखाया गया।विद्यार्थियों ने लोक और समकालीन नृत्य शैलियों के जरिए तकनीकी प्रगति और विद्यालय के विकास को मंच पर जीवंत किया।
पूर्व छात्रों का सम्मान और उपलब्धियां
समारोह के दौरान विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वीशा मोहिंद्रा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और विद्यालय के विजन ‘Education Without Borders’ को दोहराया। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण पूर्व छात्रों का सम्मान रहा, जो आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के झंडे गाड़ रहे हैं।
समारोह में उपस्थित अन्य विशिष्ट अतिथि
विधायक सोमेश सोरेन, विधायक समीर कुमार मोहंती, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जेएसपी की प्राचार्या मिली सिन्हा, पूर्व प्राचार्या छाया दास, सचिव भरत सिंह और ट्रेजरर शत्रुघ्न सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
