जमशेदपुर: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के उपचुनाव में इआरसी की एक सीट पर सुनील कुमार प्रसाद ने जीत हासिल की। उन्हें कुल 56 वोट प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी समरेश कुमार को 44 वोट मिले, जबकि तीसरे स्थान पर रहे विश्वनाथ घोष को 33 मत प्राप्त हुए। इस तरह कुल 133 वोट डाले गए।शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद शाम 4:30 बजे से मतगणना शुरू हुई, जिसके बाद परिणाम घोषित किया गया। चुनाव की पूरी प्रक्रिया चुनाव पदाधिकारी चिदानंद खंडई तथा चुनाव पर्यवेक्षक ई. सतीश कुमार की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
एक्सल डिवीजन की दो सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध
गौरतलब है कि एक्सल डिवीजन की दो सीटों पर पहले ही उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। इनमें क्षेत्र संख्या 4 से रविंद्र कुमार और क्षेत्र संख्या 5 से विजय कुमार सिंह शामिल हैं।इसके अलावा इआरसी के क्षेत्र संख्या 49 से सुनील कुमार प्रसाद निर्वाचित घोषित किए गए।
यूनियन में दो पदाधिकारियों का भी चयन
उपचुनाव के दौरान यूनियन में दो पदाधिकारियों का भी चयन किया गया जिसमे विनोद उपाध्याय को उपाध्यक्ष और संजीव रंजन को सहायक सचिव पद पर मनोनीत किया गया।
परिणाम के बाद कार्यकारिणी की बैठक
उपचुनाव परिणाम घोषित होने के बाद यूनियन की कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक विषयों और आगामी गतिविधियों पर चर्चा की गई।
