सरायकेला थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी कर चोरी की सिगरेट, नकदी, चांदी जैसे दिखने वाले सिक्के और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले संदिग्ध औजार बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने लहरी टोला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की।
साजिद खान उर्फ मुन्ना खान गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लहरी टोला निवासी करीब 40 वर्षीय साजिद खान उर्फ मुन्ना खान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पैतृक आवास और किराये के मकान से चोरी से जुड़ी कई वस्तुएं बरामद कीं।
157 पैकेट सिगरेट और तेल की बोतलें बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पैतृक आवास से विभिन्न ब्रांड की कुल 157 पैकेट सिगरेट और तेल की बोतलें बरामद की गईं।वहीं, राजाबाड़ी के पीछे स्थित किराये के मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को 18,600 रुपये नकद, 736 रुपये के खुदरा सिक्के और चांदी जैसे दिखने वाले आठ सिक्के मिले।
पेचकस, हथौड़ी और नोज प्लास भी जब्त
पुलिस ने किराये के मकान से चोरी की घटना में इस्तेमाल किए जाने के संदेह में कई औजार भी बरामद किए हैं। इनमें पेचकस, हथौड़ी और नोज प्लास शामिल हैं।पुलिस इन बरामद सामानों के आधार पर चोरी की घटना से आरोपी के संबंधों की जांच कर रही है।
अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही बरामद सामानों का चोरी के मामले से संबंध भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस पदाधिकारी सौरभ कुमार आहूजा, अरुण कुमार महतो, ऋषि कुमार और राकेश कुमार समेत टाइगर मोबाइल के जवान शामिल रहे।सरायकेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने के बाद पुलिस अब आगे की जांच में जुटी है।
