सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित बास्कोनगर से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने लगातार खोजबीन कर बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया।सफल अभियान के बाद परिजनों ने पुलिस और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
रूंगटा पार्क जाने की बात कहकर घर से निकली थीं चार बच्चियां
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को बास्कोनगर की चार नाबालिग बच्चियां रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर घर से निकली थीं।अगले दिन इनमें से एक बच्ची सुरक्षित घर लौट आई, जबकि तीन अन्य बच्चियां लापता हो गईं। उनके पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण पुलिस के लिए उनकी तलाश चुनौतीपूर्ण हो गई।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित हुई एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।टीम ने तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को पश्चिमी सिंहभूम के एक गांव से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई।
रास्ता भटककर दूसरे गांव पहुंच गई थीं बच्चियां
पुलिस जांच में पता चला कि तीनों बच्चियां रास्ता भटककर दूसरे गांव पहुंच गई थीं। वहां ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित अपने पास रखा था।पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने बच्चियों की पहचान की पुष्टि की और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को तीनों बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
इन बच्चियों को किया गया बरामद
बरामद की गई बच्चियों की पहचान शांति सामड (14 वर्ष),अनुष्का गगराई (15 वर्ष) और सिमरन जोजो (14 वर्ष) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों और पुलिस टीम की सराहना
पुलिस ने बताया कि समय पर मिली सूचना और ग्रामीणों के सहयोग से बच्चियों को सुरक्षित बरामद करना संभव हो सका।इस अभियान में सब इंस्पेक्टर विश्वजीत तिवारी और जेएसआई शिव प्रकाश सिंह की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।
