बंगाल चुनाव को लेकर झारखंड बंगाल बॉर्डर पर कड़ी निगरानी, पहले चरण का रण शुरू; 152 सीटों पर मतदान

झारखंड बंगाल बॉर्डर: पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो चुका है। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। सीमावर्ती इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बंगाल के साथ-साथ झारखंड पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर हो रहे इस मतदान के लिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। शाम 6 बजे तक चलने वाले इस मतदान में 3.87 करोड़ मतदाता अपने प्रतिनिधियों की किस्मत का फैसला करेंगे।

झारखंड सीमा पर ‘ऑपरेशन सतर्क’

बंगाल चुनाव के मद्देनजर झारखंड के सीमावर्ती जिलों, विशेषकर धनबाद में पुलिस हाई अलर्ट पर है। धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर डिबुडीह और चिरकुंडा चेकपोस्ट पर हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य अवैध हथियार, भारी नकदी और शराब की आवाजाही को रोकना है ताकि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बना रहे। एसएसपी ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए चेकपोस्ट्स पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर

चुनाव आयोग ने इस चरण को सुरक्षा के लिहाज से काफी चुनौतीपूर्ण माना है। कुल 44,378 मतदान केंद्रों में से 7,384 (16.64%) बूथों को अति-संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और मालदा जैसे क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की भारी तैनाती की गई है।संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर हलचल पर नजर रखी जा रही है।पश्चिम बंगाल का यह चुनाव इस बार कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। पहले चरण का मतदान यह तय करेगा कि हवा किस रुख में बह रही है।

More From Author

जमशेदपुर: ओल्ड पुरुलिया रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान हंगामा; पुलिस पर लगा ‘जबरन चालान’ का आरोप, एएसआई ने दी सफाई

वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव: सिदगोड़ा इकाई ने साकची के आशिर्वाद वृद्धाश्रम में मनाया समारोह