जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने निर्वाचन कार्यों के समयबद्ध एवं सफल निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चार विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ हुए शामिल
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्रों का संकलन, योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
लोकतंत्र की आधारशिला है मतदाता सूची: उपायुक्त
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए पुनरीक्षण कार्य में लगे सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।उन्होंने निर्देश दिया कि घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
मास्टर प्रशिक्षकों ने दी तकनीकी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षकों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की कार्यप्रणाली, विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग, डेटा संधारण और क्षेत्रीय सत्यापन की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
मतदान केंद्र क्षेत्रों का भ्रमण करने का निर्देश
प्रशिक्षण में बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों एवं अनुभागों का नियमित भ्रमण करें। यदि नजरी नक्शे में संशोधन की आवश्यकता हो तो उसे शीघ्र पूरा किया जाए।इसके अलावा अनमैप्ड वोटर लिस्ट की दो प्रतियां बीएलओ को उपलब्ध कराई गईं, जिनमें से एक प्रति मतदान केंद्र पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए।
समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
