जमशेदपुर: शहर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टाटा स्टील के एक रिटायर्ड कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस ट्रिपल मर्डर की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।यह वारदात एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या एल5-13 में हुई।
मृतकों में गर्भवती बेटी भी शामिल
मृतकों की पहचान सरिता सिंह (55),सुप्रिया सिंह (31) और अभिषेक कुमार
के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार सुप्रिया सिंह शादीशुदा थीं और करीब तीन महीने की गर्भवती थीं। गर्भवती महिला की हत्या की खबर से इलाके में लोग स्तब्ध हैं।
आरोपी ने खुद पुलिस को दी सूचना
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपी रविंद्र सिंह ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घटनास्थल पर फैला था खून
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था। आरोपी घटनास्थल पर ही मौजूद मिला। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
रविवार रात तक सबकुछ था सामान्य
स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों के अनुसार रविवार रात तक परिवार में सबकुछ सामान्य था। परिवार के सदस्यों से देर रात तक बातचीत भी हुई थी और किसी तरह के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी।ऐसे में अचानक हुई इस वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
हाल ही में टाटा स्टील से रिटायर हुआ था आरोपी
जानकारी के अनुसार आरोपी रविंद्र सिंह हाल ही में टाटा स्टील से सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
