जमशेदपुर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग -2027 की शुरुआत की गई है। कार्यक्रम के पहले चरण में “विकसित भारत क्विज” का आयोजन MY Bharat पोर्टल पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष के युवाओं को विकसित भारत @2047 के विजन से जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार रखने का मंच उपलब्ध कराना है।
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकते हैं भाग
विकसित भारत क्विज में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क है। क्विज में प्रतिभागियों से कुल 20 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें 10 मिनट के निर्धारित समय में हल करना होगा।क्विज में शामिल होने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
क्विज के बाद आगे बढ़ेगा चयन का सिलसिला
विकसित भारत क्विज में सफल प्रतिभागियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरणों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके तहत निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण, राज्य स्तरीय भी बीवायएलडी और राष्ट्रीय संवाद जैसे चरण आयोजित किए जाएंगे।राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले बीवायएलडी -2027 कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
केंद्रीय मंत्रियों और विशेषज्ञों के सामने विचार रखने का मौका
बीवायएलडी -2027 के दौरान चयनित युवाओं को विशेषज्ञों, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। वहीं, क्षेत्रीय फाइनलिस्टों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत करने का मौका भी मिलेगा।इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रतियोगिता से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें देश के विकास से जुड़े विषयों पर सोचने और अपने विचारों को प्रभावी तरीके से रखने के लिए तैयार करना है।
अधिकारियों ने किया विकसित भारत क्विज के पोस्टर का अनावरण
जिले के अधिक से अधिक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए माय भारत, पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी ने उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान तथा जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की से मुलाकात की।इस दौरान अधिकारियों को बीवायएलडी -2027 और विकसित भारत क्विज के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विकसित भारत क्विज के पोस्टर का अनावरण करते हुए जिले के पात्र युवाओं से बड़ी संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
युवाओं को राष्ट्रीय पहचान बनाने का अवसर
माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवा इस प्रतियोगिता में पंजीकरण कर भाग ले सकते हैं। यह पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का अवसर प्रदान करेगी।
