जनगणना और परिसीमन के बाद लागू होगा महिला आरक्षण – सांसद मनीष जायसवाल

जमशेदपुर। शहर के तुलसी भवन में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिंहा, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री मीरा मुंडा और जिला प्रवक्ता प्रेम झा सहित कई नेता मौजूद रहे।

जनगणना और परिसीमन के बाद लागू होगा महिला आरक्षण

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि संसद और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले देश में जनगणना कराई जाएगी, उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होगी और फिर आरक्षण लागू किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इसका नोटिफिकेशन वर्ष 2023 में ही जारी किया जा चुका है। वर्तमान में देश की विभिन्न विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी लगभग 13 से 14 प्रतिशत है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बढ़ाकर 33 प्रतिशत करना चाहते हैं।

महिलाओं को बराबरी का दर्जा देने का लक्ष्य

मनीष जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य महिलाओं को समाज और राजनीति में बराबरी का दर्जा देना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का भी प्रयास किया जाएगा।सांसद ने यह भी कहा कि आगामी परिसीमन के बाद एससी और एसटी वर्ग की सीटों में भी बढ़ोतरी की जाएगी।

विपक्ष पर साधा निशाना

सांसद मनीष जायसवाल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का काम केवल मुद्दों को लटकाना और लोगों को भटकाना है। उन्होंने कहा कि जनगणना पूरी होने के बाद महिला आरक्षण को हर हाल में लागू किया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही सरकार: भानु प्रताप शाही

वहीं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि झारखंड में जब अर्जुन मुंडा मुख्यमंत्री थे, तब पंचायत स्तर पर महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया था।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा से महिला सशक्तिकरण के लिए काम करते रहे हैं। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे अभियान इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि महिलाओं को देश के कानून बनाने में भी बराबर की भागीदारी मिले।

कांग्रेस के रुख पर उठाए सवाल

भानु प्रताप शाही ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब 2023 में महिला आरक्षण विधेयक आया था तब कांग्रेस समर्थन में थी, लेकिन अब 2026 में उसका रुख बदल गया है।

25 अप्रैल से जन आक्रोश पदयात्रा

उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा 25 अप्रैल को रांची में विशाल पैदल मार्च आयोजित किया जाएगा। यह जन आक्रोश पदयात्रा 30 अप्रैल तक राज्य के सभी जिलों और मंडलों तक पहुंचेगी।

More From Author

मुख्यमंत्री का त्वरित संज्ञान: विशाखापट्टनम में मृत बहरागोड़ा के गोविंद मुंडा का पार्थिव शरीर लाएगी सरकार; कुणाल षाडंगी ने ट्वीट कर माँगी थी मदद

जुगसलाई: होल्डिंग टैक्स में 15-20% वृद्धि का विरोध; जनप्रतिनिधियों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन, सरकार से पुनर्विचार की मांग

Recent News