जमशेदपुर: बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से 9 अगस्त को आयोजित होने वाली नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए मंगलवार को सोनारी स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय संपर्क सूत्रों वाले मोबाइल नंबर सहित एक विशेष पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर हो रहा पंजीयन
संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से ही यह सेवा कार्य सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।”बाबा बैद्यनाथ की दया से सब काम हो रहा है। कर तो रहे हैं सब, लेकिन नाम मेरा हो रहा है।” उन्होंने बताया कि ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर पंजीयन किया जा रहा है। 9 अगस्त को जमशेदपुर से 1000 कांवरियों का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना होगा, जहां से श्रद्धालु जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए पैदल यात्रा करेंगे।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ेंगे शिवभक्त
संघ के अनुसार इस यात्रा में सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर, साकची और मानगो सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों के शिवभक्त शामिल होंगे। पंजीयन शुरू होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भूतनाथ मंदिर पहुंचकर अपना नाम दर्ज कराने लगे।
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
सोनारी में पंजीयन की जिम्मेदारी संभाल रहे आशुतोष सिंह एवं कृष्णा सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी शिवभक्तों में नि:शुल्क कांवर यात्रा को लेकर काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग यात्रा से जुड़ रहे हैं।
ये लोग रहे उपस्थित
पंजीयन एवं पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में विकास सिंह, आशुतोष सिंह, कृष्णा सिंह, संजय लाला, किशोर बर्मन, विकास लाल, अरबिंद मिश्रा, शिव शंकर सिंह, कमल नयन दुबे, पप्पू बर्मा, विनय कश्यप, कमलेश सिंह, धीरज कुमार सिंह और राहुल कुमार सहित कई सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
