जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के विरोध में भाजयुमो का मशाल जुलूस, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

जमशेदपुर: 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और मनमानी के आरोपों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने मंगलवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से जुबिली पार्क गोलचक्कर तक मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च निकालते हुए झामुमो-कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

नीतीश कुशवाहा और दिनेश कुमार के नेतृत्व में निकला मार्च

विरोध मार्च का नेतृत्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा एवं भाजपा महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने किया। मार्च में बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मशालें और तख्तियां थीं, जिन पर जेपीएससी परीक्षा की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग लिखी गई थी।

‘युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़’

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं से लाखों अभ्यर्थियों का भरोसा टूट रहा है। उनका कहना था कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

भाजयुमो नेताओं ने मांग की कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सामने आए सभी आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

नेताओं ने कहा कि राज्य के युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर रोजगार हासिल करना चाहते हैं, लेकिन यदि भर्ती प्रक्रिया ही विवादों में घिर जाए तो युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है तो भाजपा और भाजयुमो पूरे राज्य में चरणबद्ध आंदोलन चलाएंगे और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करेंगे।

More From Author

जमशेदपुर से 9 अगस्त को रवाना होंगे 1000 कांवरिये, बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ ने शुरू किया नि:शुल्क पंजीयन

जमशेदपुर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई मां विपदतारिणी पूजा, शंकरपुर में 25वें वर्ष हुआ भव्य आयोजन