जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं को सहयोग देने के लिए विधायक पूर्णिमा साहू के निर्देश पर कमल सहयोग समिति का गठन किया गया है। समिति की ओर से विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों और आवासीय क्षेत्रों में 51 विशेष सहायता शिविर लगाए गए हैं।इन शिविरों में मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने में सहायता प्रदान की जा रही है।
रघुवर दास ने किया शिविरों का निरीक्षण

अभियान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विभिन्न सहायता शिविरों का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं को समय पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
12 जुलाई तक संचालित होंगे सभी शिविर
रघुवर दास ने बताया कि 12 जुलाई तक विधानसभा क्षेत्र के सभी निर्धारित 51 स्थानों पर कमल सहयोग समिति के सहायता शिविर संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक मंडल में अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाए गए हैं और उनके लिए प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में चार कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है, जो मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा एसआईआर प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने में हरसंभव सहायता प्रदान करेंगे।
मतदाताओं को दी जा रही हर संभव सहायता
समिति के कार्यकर्ता मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं में लोगों का मार्गदर्शन कर रहे हैं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए और सभी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी औपचारिकताएं पूरी कर सकें।
