जमशेदपुर: आरटीई छात्रा से फीस मांगने का आरोप, अभिभावक संघ का उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन

जमशेदपुर। जमशेदपुर अभिभावक संघ ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर सोनारी स्थित आरएमएस हाई स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। संघ का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत नामांकित आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्रा से कक्षा 9 में प्रवेश के बाद फीस की मांग कर रहा है, जो कानून के प्रावधानों के विपरीत है।

आरटीई के तहत हुआ था प्रवेश, अब फीस जमा करने का दबाव

अभिभावक संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि सोनारी निवासी छात्रा चांदनी कुमारी का प्रवेश RTE अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(सी) के तहत आरएमएस हाई स्कूल में हुआ था। छात्रा ने सत्र 2025-26 में कक्षा 8 उत्तीर्ण करने के बाद सत्र 2026-27 में कक्षा 9 में प्रवेश लिया है।संघ का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन लगातार छात्रा पर फीस जमा करने का दबाव बना रहा है। फीस जमा नहीं होने के कारण परीक्षा से जुड़ी प्रक्रिया भी प्रभावित की गई है।

घरेलू काम कर परिवार चलाती हैं छात्रा की मां

अभिभावक संघ ने बताया कि छात्रा की मां घरेलू कामकाज कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उन्होंने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए स्कूल प्रबंधन से फीस में राहत देने का अनुरोध किया, लेकिन विद्यालय प्रबंधन पूरी फीस जमा करने की मांग पर अड़ा हुआ है।

कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा की उठाई मांग

प्रदर्शन के दौरान संघ ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अनुसार आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके बावजूद शहर के कई निजी विद्यालय इन प्रावधानों का पालन नहीं कर रहे हैं।

उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अभिभावक संघ ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि आरएमएस हाई स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया जाए कि चांदनी कुमारी की पढ़ाई कक्षा 12 तक बिना किसी शुल्क के जारी रखी जाए। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अन्य विद्यार्थियों के अधिकारों की भी रक्षा सुनिश्चित की जाए।संघ ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

More From Author

आदित्यपुर : एसपी मनोज स्वर्गियारी खुद उतरे बाइक पेट्रोलिंग पर, संवेदनशील इलाकों में लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

जमशेदपुर पूर्वी में एसआईआर अभियान के लिए 51 सहायता शिविर, कमल सहयोग समिति मतदाताओं की कर रही मदद