
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के जी हॉस्टल के पास शनिवार को गोलमुरी ट्रैफिक थाना की पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी और निंदनीय घटना घट गई। ट्रैफिक पुलिस के सिपाही की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के कारण एक स्कूटी सवार महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ सड़क पर गिरकर घायल हो गई।
पुलिस को देखकर घबराई महिला, सिपाही ने दिया धक्का
मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ स्कूटी से जी हॉस्टल के पास से गुजर रही थी। सड़क पर अचानक पुलिस टीम को चेकिंग करते देखकर वह घबरा गई और स्कूटी मोड़कर वापस जाने की कोशिश करने लगी।इसी दौरान, गोलमुरी ट्रैफिक थाना के सिपाही कमलेश राय ने उसे रोकने की कोशिश में दौड़ते हुए महिला की स्कूटी को पीछे से धक्क दे दिया। धक्का लगते ही महिला सड़क पर गिर पड़ी और घायल हो गई। घटना से घबराया हुआ सिपाही कमलेश राय तुरंत मौके से भाग निकला।
अन्य पुलिसकर्मियों ने फिर दिया धक्का
इससे भी अधिक चौंकाने वाली बात यह हुई कि जब महिला किसी तरह उठकर स्कूटी स्टार्ट कर आगे बढ़ने लगी, तो कुछ अन्य पुलिसकर्मी*फिर से उसके पास पहुंचे और पीछे से स्कूटी को दोबारा धक्का दे दिया। इस बार भी महिला सड़क पर गिर गई और घायल हो गई।
स्थानीय लोगों का आक्रोश, पुलिसकर्मी भागे
लगातार दो बार पुलिस की लापरवाही से महिला के गिरने और घायल होने की इस घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने दोषी सिपाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मी वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई को निंदनीय बताया और कहा कि महिला के साथ इस तरह का बर्ताव किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया जाए, न कि बल का प्रयोग किया जाए, जिससे आम नागरिक चोटिल हो जाए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
