
जमशेदपुर:घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 के सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। इसी क्रम में, जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय ने आज संयुक्त रूप से जिला नियंत्रण कक्ष, सी-विजिल कंट्रोल रूम और एमसीएमसी कोषांग का सघन निरीक्षण किया।
शिकायतों के त्वरित निस्तारण का निर्देश
निरीक्षण के दौरान, वरीय पदाधिकारियों ने नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त अधिकारियों से निर्वाचन संबंधी शिकायतों की प्राप्ति, पंजीकरण और उसके त्वरित निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। डीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नियंत्रण कक्ष में प्राप्त किसी भी शिकायत या सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।संबंधित अधिकारियों को सूचित कर समयबद्ध प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्राप्त किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
सी-विजिल ऐप पर गंभीरता से कार्रवाई
सी-विजिल कंट्रोल रूम के कार्यों की समीक्षा करते हुए, डीईओ ने कहा कि नागरिकों द्वारा सी-विजिल मोबाइल ऐप के माध्यम से की गई किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायत के सत्यापन के उपरांत उचित कार्रवाई की रिपोर्ट शीघ्र अपलोड की जाए।पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे आमजन को इस ऐप के उपयोग के प्रति जागरूक करें ताकि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की घटनाओं पर तुरंत नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
मीडिया और सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी
एमसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी) कोषांग के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में प्रकाशित और प्रसारित होने वाली राजनीतिक सामग्री पर सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक दलों या प्रत्याशियों द्वारा बिना प्रमाणीकरण (सर्टिफिकेशन) के किसी भी राजनीतिक विज्ञापन को प्रकाशित या प्रसारित नहीं किया जाना चाहिए। इसके अलावा, सभी शिकायतों और अनुमोदन से संबंधित अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।इस निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, डीएसपी सीसीआर, सहा. प्रभारी पदाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष अल्का पन्ना, सुजीत बारी, सहा. प्रभारी पदाधिकारी मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग अंकित कुमार सिंह तथा अन्य पदाधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।
