आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आकाशवाणी केंद्र के समीप गुरुवार देर रात एक रूई के गद्दा बनाने वाली दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दुकान में रखा रूई, गद्दे और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
रात 11 बजे उठीं आग की लपटें, तेजी से फैली आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11 बजे दुकान से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। दुकान में बड़ी मात्रा में रूई और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आसपास की कुछ अन्य दुकानें भी आ गईं।हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से कई दुकानों का सामान समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। देर रात तक आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक को भी घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
