जमशेदपुर बंद से पहले भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह गिरफ्तार, घर से निकलते ही पुलिस ने लिया हिरासत में

जमशेदपुर: करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में पूर्व घोषित जमशेदपुर बंद से पहले शुक्रवार सुबह जिला प्रशासन ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उन्हें उस समय गिरफ्तार किया, जब वह अपने आवास से बंद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकल रहे थे।

बंदी को लेकर चला रहे थे जनसंपर्क अभियान

जानकारी के अनुसार, विकास सिंह ने हिमांशु हत्याकांड के विरोध में गोरिल्ला पद्धति से बंद कराने की घोषणा की थी। इसे लेकर वह पिछले कई दिनों से शहर के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क अभियान भी चला रहे थे। प्रशासन को बंद कार्यक्रम में उनकी सक्रिय भूमिका की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

घर के बाहर पहले से तैनात थी पुलिस

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे से ही मानगो थाना की पुलिस टीम उनके आवास के बाहर मौजूद थी। जैसे ही विकास सिंह घर से बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनकी गिरफ्तारी का आदेश पहले से जारी किया गया था।

विकास सिंह ने प्रशासन पर लगाए आरोप

हिरासत में लिए जाने के दौरान विकास सिंह ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के बजाय विरोध करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन आम लोगों के साथ खड़े होने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है।उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह के हत्यारों की गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।

हिरासत के दौरान की नारेबाजी

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान विकास सिंह ने प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और हिमांशु सिंह हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।

More From Author

आदित्यपुर में रूई के गद्दा दुकान में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

आदित्यपुर बंद का मिला-जुला असर, मेयर संजय सरदार समेत 40 समर्थक हिरासत में, पुलिस की मुस्तैदी से सामान्य रहा जनजीवन