जमशेदपुर: डिमना लेक में बड़ा हादसा; एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टर डूबे, मोबाइल निकालने के दौरान घटी घटना, गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

जमशेदपुर/बोड़ाम :जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध डिमना लेक में शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा हो गया। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टर लेक के प्रतिबंधित और गहरे पानी में डूब गए। घटना की खबर फैलते ही प्रशासनिक अमले, पुलिस और एमजीएम अस्पताल के डॉक्टरों में अफरा-तफरी व शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक दोनों डूबे डॉक्टरों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

देर रात निकले थे डिमना ; मोबाइल गिरने से बिगड़ी बात

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एमजीएम मेडिकल कॉलेज में रहकर पढ़ाई व प्रैक्टिस करने वाले तीन जूनियर डॉक्टर समीर, यश और सक्षम देर रात डिमना लेक गए थे। टहलते-टहलते तीनों डिमना लेक के तालाब वाले हिस्से के पास पहुंच गए, जिसे सुरक्षा के लिहाज से प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है।अचानक उनमें से एक डॉक्टर का मोबाइल फोन छिटककर लेक के पानी में गिर गया। पानी में गिरे मोबाइल को निकालने के प्रयास में तीनों गहरे पानी की ओर उतर गए और अनजाने में दलदल व गहरे भंवर की चपेट में आ गए।

यश तैरकर निकला बाहर, समीर और सक्षम गहरे पानी में समाए

पानी में फंसने के बाद तीनों दोस्तों ने बचने के लिए हाथ-पांव मारे।तीनों में से डॉ. यश किसी तरह अदम्य साहस और तैराकी के बल पर संघर्ष करते हुए किनारे तक पहुंचकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हालांकि, उनके दो अन्य साथी डॉ. समीर और डॉ. सक्षम गहरे पानी के तेज खिंचाव में समा गए और लापता हो गए। डूबने वाले डॉक्टरों में डॉ. सक्षम मेदिनीनगर (डाल्टेनगंज) के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि डॉ. समीर जमशेदपुर के काशीडीह के निवासी हैं। वहीं सकुशल बाहर निकले डॉ. यश शहर के सोनारी इलाके के रहने वाले हैं।

बोड़ाम पुलिस और गोताखोरों का रेस्क्यू जारी; एमजीएम में पसरा मातम

घटना की सूचना बदहवास हालत में बाहर निकले डॉ. यश ने पुलिस और अपने साथी डॉक्टरों को दी। बोड़ाम थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ डिमना लेक पहुंची। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय अनुभवी गोताखोरों को पानी में उतारा। इसके साथ ही एनडीआरएफ / एसडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू के लिए सूचित किया गया है।हादसे की खबर मिलते ही एमजीएम अस्पताल के कई वरिष्ठ डॉक्टर, मेडिकल छात्र और परिजनों का हुजूम डिमना लेक पर उमड़ पड़ा है। अस्पताल परिसर में गंभीर चिंता और मातम का माहौल है। बोड़ाम पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को शांत कराते हुए लोगों से अफवाह न फैलाने और बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

More From Author

जमशेदपुर में अपराध पर एसएसपी एहतेशाम की सख्ती, देर रात सीतारामडेरा और सिदगोड़ा थाना का औचक निरीक्षण

डिमना डैम हादसा: छह घंटे के रेस्क्यू के बाद एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टरों के शव बरामद