
जमशेदपुर। दीपावली के पावन अवसर पर जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर प्रांगण में बने राम मंदिर में अयोध्या की तर्ज पर एक भव्य और अलौकिक दीपोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को लाखों दीयों की रोशनी से सजाया गया और 11 हजार दीप जलाकर भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या आगमन की खुशी मनाई गई।
भक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण
इस भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल हुए। उनके नेतृत्व में हुए इस आयोजन ने पूरे सिदगोड़ा क्षेत्र को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया। दीयों की जगमगाहट और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण दिव्य हो उठा।
रघुवर दास ने याद की राम की घर वापसी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दीपोत्सव की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “भगवान श्रीराम जब 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे, तब पूरे देश ने दीपोत्सव मनाया था। तभी से यह परंपरा चली आ रही है कि हम भगवान राम की घर वापसी की खुशी में दीप जलाते हैं और भक्ति में लीन हो जाते हैं।”उन्होंने कहा कि उसी आस्था और भक्ति की भावना के साथ आज सिदगोड़ा के राम मंदिर में भी यह भव्य दीपोत्सव मनाया गया है। यह आयोजन सिदगोड़ा में राम मंदिर के प्रति आस्था और सांस्कृतिक परंपरा के प्रति लोगों के जुड़ाव को दर्शाता है।इस दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और सभी ने दीये जलाकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
