Views: 1
जमशेदपुर।साकची स्थित रवींद्र भवन में चल रहे दस दिवसीय पुस्तक मेले में इस बार विभिन्न विषयों और विधाओं की पुस्तकों का संग्रह पाठकों को आकर्षित कर रहा है। हालांकि, पुस्तकों की विविधता के बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राजनीतिक और सामाजिक जीवन पर आधारित कविता पुस्तक ‘मैं हेमंत’ युवाओं के बीच खास चर्चा में है। युवा पाठक इस पुस्तक में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।इस पुस्तक के लेखक जमशेदपुर के युवा लेखक दसमत सोरेन हैं। उन्होंने कविताओं के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जीवन, संघर्ष, राजनीतिक सफर और झारखंड के प्रति उनके योगदान को प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।
शिबू सोरेन के संघर्ष से हेमंत सोरेन तक की प्रेरणा
लेखक दसमत सोरेन ने बताया कि उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को झारखंड के लिए संघर्ष करते देखा और बाद में हेमंत सोरेन में भी उसी संघर्षशील छवि को महसूस किया। इसी विचार और प्रेरणा ने उन्हें ‘मैं हेमंत’ पुस्तक लिखने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के जेल जाने और वहां से बाहर आने के बाद जिस तरह उन्होंने राज्य की जिम्मेदारियां संभालीं, उससे प्रेरित होकर इस पुस्तक की रचना की। लेखक के अनुसार, उन्होंने हेमंत सोरेन के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को कविताओं के जरिए अभिव्यक्त किया है।
युवा वर्ग में बढ़ रही पुस्तक की लोकप्रियता
दसमत सोरेन का कहना है कि राज्य का युवा वर्ग भी हेमंत सोरेन को अपने नेता के रूप में स्वीकार कर रहा है। युवाओं के बीच पुस्तक को मिल रही प्रतिक्रिया उनके लिए उत्साहजनक है। पुस्तक मेले में ‘मैं हेमंत’ के प्रति पाठकों की रुचि झारखंड की राजनीति, नेतृत्व और समकालीन व्यक्तित्वों पर आधारित साहित्य के प्रति युवाओं के आकर्षण को भी दर्शाती है।
