
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके और भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने वर्तमान विधायक के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर एक तीखी प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। उन्होंने कहा है कि पिछले एक वर्ष में यह विधानसभा क्षेत्र “हत्या, चोरी, छीनतई और झूठ के लिफाफे से भरा रहा” और विधायक अपने किसी भी चुनावी वादे को पूरा करने में विफल रहे हैं।
पूरे साल आपराधिक घटनाओं की भरमार
विकास सिंह ने दावा किया कि पूरे एक वर्ष में जितनी आपराधिक घटनाएं जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा में हुई हैं, उतनी राज्य के किसी भी अन्य विधानसभा क्षेत्र में नहीं हुई हैं। उन्होंने बताया कि सोनारी में सोने की दुकान में दो बार डकैती, कदमा में बंधक बनाकर डकैती, और सैकड़ों चोरियों के साथ-साथ दर्जनों हत्याएं हुई हैं।उन्होंने कहा कि पूरे जिले में सबसे अधिक चोरी की घटनाएं इसी क्षेत्र में हुई हैं। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा नशा के सामान की खरीद-बिक्री और डेली लॉटरी की मंडी बना हुआ है।विकास सिंह ने आरोप लगाया कि पश्चिम विधानसभा स्थित सभी सरकारी कार्यालयों और विशेषकर थानों में लगने वाले घूस की रकम दुगुनी हो गई है, जिससे कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप है।
चुनावी वादे बने ‘जुमला’
विकास सिंह ने विधायक के बड़े चुनावी वादों को ‘जुमला’ बताते हुए उन पर निशाना साधा।उन्होंने ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि विधायक ने चुनाव के ठीक बाद कदमा के के.डी. फ्लैट के पास पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा बंद किए गए सार्वजनिक रास्ते को हथौड़े से तोड़ने की बात कही थी। विकास सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि यह “सीधे-सीधे एक बड़ा जुमला निकला” और सार्वजनिक रास्ता आज भी बंद है। उन्होंने विधायक का वह वीडियो भी साझा किया जिसमें वे रास्ता तोड़ने की बात कह रहे हैं।विधायक ने मानगो को जाम से निजात दिलाने हेतु टाटा स्टील की नो एंट्री बंद करने और अपने पार्टी के डेढ़ सौ कार्यकर्ताओं को सड़क पर मौजूद रहने की बात कही थी, जो “टांय टांय फिस” रहा।
बुनियादी समस्याओं और अवैध निर्माण पर अनदेखी
विकास सिंह ने विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं पर भी ध्यान दिलाया और विधायक की निष्क्रियता का आरोप लगाया।मानगो में पेयजल की समस्या पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। मानगो और बालीगुमा में बने जलमीनार या तो फर्जी उद्घाटन के शिकार हैं या उनकी कोई सुध नहीं ले रहा है। मानगो का नित्यानंद नाला और देशबंधु लाइन का नाला में कोई काम नहीं किया गया। पूरा मानगो गंदगी और कचरे ने अपने आगोश में ले लिया है। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के कार्यकाल में मानगो थाने के बगल में मुख्य सड़क पर बना कांग्रेस पार्टी का कार्यालय आज भी मुंह चिढ़ा रहा है। साकची बाजार की सड़कें पूरी तरह दबंगों के कब्जे में हो गई हैं। साकची में करोड़ों रुपए का बना हुआ सेंट्रल लाइब्रेरी उद्घाटन की बाट जोह रहा है। मानगो में एक भी सरकारी उच्च विद्यालय नहीं है जिस पर कोई पहल नहीं की गई।विकास सिंह ने अंत में कहा कि जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा में सिर्फ वही कार्य हुए हैं जो पूरे झारखंड राज्य में सरकार द्वारा पारित किए गए हैं, कोई “अजूबा और आश्चर्यजनक काम” नहीं हुआ है।
