मझगाँव में भूमि विवाद ने ली दुकानदार की जान, तीन आरोपी गिरफ्तार;जली मोपेड से खुला हत्याकांड का राज

Spread the love

जगन्नाथपुर ।मझगाँव थाना क्षेत्र के ग्राम खड़पोस में भूमि विवाद को लेकर 55 वर्षीय दुकानदार और फेरीवाले श्रीराम बिरुवा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जली हुई मोपेड बनी सुराग की पहली कड़ी

22 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खड़पोस के टोला हाटानीसाई स्थित झरना नदी तट पर एक टीवीएस मोपेड (OD09G6096) जलाई जा रही है। थाना प्रभारी उपेन्द्र नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और जांच में पता चला कि गाड़ी श्रीराम बिरुवा की है, जो अकेले रहते थे और परचून की दुकान चलाते थे।

घर में मिला खून, टीवी चालू… और गायब थे श्रीराम

पुलिस जब उनके घर पहुंची तो मकान बाहर से बंद था, लेकिन अंदर टीवी चल रहा था। दरवाजे पर खून के धब्बे देखकर पुलिस ने वीडियोग्राफी की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा। भीतर का सामान बिखरा पड़ा था और फर्श पर खून फैला था। श्रीराम घर से लापता थे।

कब्रिस्तान में झाड़ियों के बीच मिला शव

अनहोनी की आशंका पर पुलिस ने आसपास खोजबीन शुरू की। घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित कब्रिस्तान परिसर में झाड़ियों के भीतर अर्द्धनग्न अवस्था में उनका शव बरामद किया गया।

भूमि विवाद बना हत्या का कारण

मृतक के पुत्र जयसिंह बिरुवा के बयान पर कांड संख्या 37/25 दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान में सामने आया कि जमीन विवाद को लेकर तीन युवकों ने मिलकर श्रीराम की हत्या की थी।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खून सना लोहे का रॉड, खंजर (गुप्ती) और खून लगा पैंट मृतक के घर के पास पुआल के ढेर से बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी सूरज बिरुवा उर्फ टकलु (28 वर्ष) – ग्राम खड़पोस,मधु बांकिरा उर्फ होंडा (21 वर्ष) – ग्राम खड़पोस और राहुल पिंगुवा (29 वर्ष) – टोला हाटानीसाई का निवासी है।

जांच टीम ने किया खुलासा

एसडीपीओ जगन्नाथपुर राफेल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक वासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी उपेन्द्र नारायण सिंह, सअनि इबनेसार अहमद खाँ और सअनि सुभाष दास की टीम ने मामले का खुलासा किया।

More From Author

चांडिल: एनएच-33 पर चिलगू के पास दो कारों की भीषण टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री

जुगसलाई फायरिंग मामला: बेल पर छूटते ही सन्नी सिंह ने रॉकी मिश्रा के साथ मिलकर चलाई थी गोली, पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.