
जमशेदपुर:करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर के एनएसएस यूनिट द्वारा कौमी एकता सप्ताह 2025 के उपलक्ष्य में कॉलेज ऑडिटोरियम में एक भव्य डांसिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने छात्रों की कला, संस्कृति और रचनात्मकता को मंच प्रदान करते हुए सामुदायिक सौहार्द और विविधता का महत्वपूर्ण संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंग बिखरे रहे।
प्रेरणादायी उद्बोधन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. आले अली ने प्रेरणादायी संबोधन के साथ किया। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति न केवल व्यक्तित्व विकास को सशक्त बनाती हैं, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत करती हैं।कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों की प्रतिभा को संवारने में अहम भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति से बढ़ी गरिमा
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. जीसू केतन पटनायक, रजिस्ट्रार, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी रांची,डॉ. नरेन्द्र नरोत्तम, प्रॉक्टर, एनएलयू रांची ने भाग लिया। अतिथियों ने छात्रों के नृत्य प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों को मानसिक विकास और समाजिक सामंजस्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
दो श्रेणियों में हुआ शानदार मुकाबला
प्रतियोगिता दो कैटेगरी—
सोलो थीम (बॉलीवुड रेट्रो 60–80’s),ग्रुप थीम (फोक) में आयोजित की गई।स्टेज पर रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे ऑडिटोरियम में जोश और ऊर्जा भर दी।
सोलो कैटेगरी में चमके प्रतिभागी
सोलो नृत्य में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में शामिल थे मुस्कान, अदरीजा, इप्सिता, साध्वी, अरिजीत, आस्था, अदिति, हर्षिका, गोल्डी, सोनल मुंडा, शोभिक, मनीष, ज्योति, जेफ और आकाश।इन सभी ने अपनी अभिव्यक्ति, तालमेल और नृत्य-कौशल से दर्शकों का दिल जीत लिया।
ग्रुप कैटेगरी में दिखी भारत की सांस्कृतिक छटा
ग्रुप नृत्य में सोनल एवं ग्रुप, ममता एवं ग्रुप, शिखा एवं ग्रुप, मौसमी एवं ग्रुप, स्नेहा एवं ग्रुप और रिया एवं ग्रुप ने विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। इनके प्रदर्शन में देश की सांस्कृतिक विविधता स्पष्ट रूप से झलकी।
जजों ने की प्रतिभा की सराहना
प्रत्योगिता का मूल्यांकन दो सम्मानित जजों सुश्री प्रियांका सिंह और सुश्री श्यामली चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि छात्रों का प्रदर्शन पेशेवर स्तर की प्रतिभा का परिचय देता है।
कार्यक्रम का संचालन और समापन
कार्यक्रम संचालन की जिम्मेदारी सोनल और राहत फ़ात्मा ने संभाली और पूरे कार्यक्रम को उत्कृष्ट ढंग से संचालित किया।अंत में एनएसएस समन्वयक सैय्यद साजिद परवेज़ ने अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
