पूर्व सैनिकों ने जमशेदपुर में मनाया ‘नौसेना दिवस’: नौसैनिक वीरों का सम्मान, 1971 युद्ध की शौर्यगाथा का हुआ स्मरण

Spread the love

जमशेदपुर:पूर्व सैनिक सेवा परिषद पूर्वी सिंहभूम ने शनिवार को भुइयांडीह स्थित प्रीतम पार्क के सामुदायिक भवन में नौसेना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया। इस कार्यक्रम में भारतीय नौसेना के वीर नौसैनिकों के शौर्य को नमन किया गया, जिन्होंने देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा की है।

शौर्य और सम्मान से भरा कार्यक्रम

कार्यक्रम का आगाज राष्ट्रगान के साथ हुआ। 4 दिसंबर को 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय नौसेना की ऐतिहासिक जीत की याद में यह दिवस मनाया जाता है। सभी पूर्व नौसैनिकों ने अतिथियों और संगठन के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।सम्मानित अतिथियों द्वारा नौसैनिकों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान नौसैनिकों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए।

तीनों सेनाओं के परिवार हुए शामिल

समारोह में आर्मी, एयरफोर्स और नेवी तीनों सेनाओं के सेवानिवृत्त ऑफिसर्स एवं जवान सपरिवार शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम का माहौल देश भक्ति से ओत-प्रोत हो गया।आर्मी और एयरफोर्स के सैनिक साथियों ने भारतीय सेनाओं की मजबूती एवं उनकी तरक्की के लिए शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि हमारी सेनाएं सरहदों पर मुस्तैद रहती हैं, तभी देशवासी अपने घरों में चैन की नींद सोते हैं और देश के अंदर विकास की गति तीव्र रहती है। भारतीय सेना में नौकरी करना आपसी एकता और अनुशासन को बढ़ावा देता है।

1971 युद्ध की शौर्यगाथा

वक्ताओं ने 1971 के ऐतिहासिक युद्ध का स्मरण किया, जब भारतीय नौसेना ने ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ के तहत पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी।1971 युद्ध के दौरान भारतीय युद्ध पोतों ने पाकिस्तान के जंगी जहाजों को उनके बंदरगाह में ही डुबोने का काम किया और कराची में केवल धुआं धुआं ही दिखाई दे रहा था।इस प्रकार दुश्मनों की रीढ़ की हड्डी टूट गई और पाकिस्तानी सेना 16 दिसंबर 1971 को आत्मसमर्पण के लिए विवश हुई।

अतिथि और आयोजन समिति

कार्यक्रम में अतिथि के तौर पर ब्रिगेडियर रणविजय सिंह (अवकाश प्राप्त), कोल्हान सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल किशोर सिंह, एडम ऑफिसर कर्नल तौकीब मुंतखाब, ईसीएचएस ऑफिसर इंचार्ज ग्रुप कैप्टन ओ पी सिंह, 220 फील्ड रेजिमेंट के कमान अधिकारी के प्रतिनिधि सूबेदार फतेबहादुर, ब्रह्मानन्द अस्पताल के प्रतिनिधि दुर्गा अग्रवाल, समाजसेवी नीरज सिंह, हिन्दू पीठ के प्रतिनिधि अरुण सिंह, दीलजोय बोष, काउंसलर हिमांशु सेठ शामिल थे।स्वागत भाषण मनोज ठाकुर ने दिया, जबकि संचालन सुशील कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम संयोजक ओमेंद्र कुमार ने किया। सैनिक परिवारों ने देशभक्ति गीतों पर झूमे और गोलगप्पा, पापड़ी चाट, चाउमीन, कॉर्न चाट, केशर मिल्क, कॉफी, आइस क्रीम तथा वेज-नॉन वेज खाने जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में कमांडर रमन श्रीवास्तव, सुशील कुमार सिंह, राजीव रंजन, मनोज ठाकुर सहित तीनों सेनाओं के लगभग तीन सौ सैनिक परिवार शामिल थे।

More From Author

चाईबासा में साइबर ठगी का शिकार हुए सेवानिवृत्त बैंककर्मी: ‘जीवन प्रमाण पत्र’ अपडेट कराने के नाम पर ₹16.92 लाख की ठगी, देवघर से एक अपराधी गिरफ्तार

छात्रों के समग्र विकास के लिए पहल: किथडीहा के Xavier English School में ‘ध्यान और आत्म-सशक्तिकरण’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts

Recent Comments

No comments to show.