14 लाख की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दंपति समेत चार गिरफ्तार, आभूषण कारोबारी भी सलाखों के पीछे

Spread the love

जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी इलाके में 14 लाख रुपये के गहनों की चोरी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में शामिल दंपति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी गए अधिकांश गहनों को भी बरामद कर लिया है।गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी आलोक मुखी,उसकी बहन ज्योति मुखी,बहनोई धीरज कुमार तांती और चोरी के गहने खरीदने वाला आभूषण कारोबारी सुनील कुमार प्रसाद (आदित्यपुर निवासी) शामिल हैं।

7 दिसंबर को हुई थी चोरी, घर से उड़ाए गए थे लाखों के गहने

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 7 दिसंबर 2024 को बाराद्वारी निवासी अमित सोलंकी के घर चोरी की वारदात हुई थी। चोरों ने घर से करीब 14 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने पर हाथ साफ कर दिया था।घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और एक विशेष टीम का गठन कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना और तकनीकी जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से पकड़ा गया मुख्य आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी आलोक मुखी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा, बहन और जीजा को दिए थे गहने

आलोक मुखी से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि चोरी किए गए जेवर उसने अपनी बहन ज्योति मुखी और जीजा धीरज कुमार तांती को सौंप दिए थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस ने ज्योति मुखी के पास से कुछ गहने बरामद किए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के गहनों का एक हिस्सा बेचा जा चुका है।

70 हजार में 3 लाख के गहने बेच दिए

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ज्योति मुखी ने करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने के गहने आदित्यपुर के आभूषण कारोबारी सुनील कुमार प्रसाद को महज 70 हजार रुपये में बेच दिए थे। इस जानकारी के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुनील कुमार प्रसाद के ठिकाने पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से बाकी बचे सारे चोरी के आभूषण भी बरामद कर लिए। इसके बाद सुनील को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

चारों आरोपियों को भेजा गया जेल, आगे की जांच जारी

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सिटी एसपी ने बताया कि इस मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटनाओं से कोई कनेक्शन तो नहीं है।

More From Author

उड़ीसा के एम.वी.-26 गांव में बांग्लाभाषी विस्थापितों पर हमले का विरोध, जमशेदपुर में राष्ट्रपति को सौंपा गया ज्ञापन

जमशेदपुर एफसी के कोच और स्टाफ के लिए नैतिक आचरण पर वर्कशॉप: टाटा वैल्यूज़ और सकारात्मक माहौल पर जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.