
मझगांव। मझगांव थाना क्षेत्र के आसनपाठ पंचायत अंतर्गत सादोमसाई निवासी लगभग 24 वर्षीय युवक राजू पूर्ति (पिता मानो पूर्ति) को जंगली हाथियों के झुंड ने कुचलकर मार डाला। यह दर्दनाक घटना गुरुवार दिन के लगभग 11 बजे झारखंड-ओडिशा सीमा के जोबासाई जंगल के पास हुई।
हाथियों को भगाते समय हुआ हादसा
राजू पूर्ति अपने गांव के अन्य युवकों के साथ मिलकर झारखंड-ओडिशा सीमा के जंगल समीप डेरा जमाए जंगली हाथियों के झुंड को देखने गया था। इस दौरान दोनों सीमा क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मिलकर झुंड को भगाने का कार्य कर रहे थे।हाथियों को खदेड़ने के दौरान जब झुंड ने पलटवार किया, तो बाकी लड़के दौड़कर भाग गए, लेकिन राजू पूर्ति लड़खड़ाकर गिर पड़ा। जैसे ही वह उठकर दोबारा भागने की कोशिश कर रहा था, उसी क्षण हाथी का झुंड उस तक पहुँच गया और उसे कुचलकर मार डाला।यह दुखद बात सामने आई है कि घटना के समय कुछ लड़के दूर से वीडियो बना रहे थे, जो किसी फिल्मी सीन की शूटिंग जैसा प्रतीत हो रहा था।
वन विभाग की लापरवाही पर गुस्सा
घटना के बाद से दोनों सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह जंगली हाथियों का झुंड कई दिनों से आसनपाठ पंचायत क्षेत्र में डेरा जमाए हुए था।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसकी सूचना चाईबासा वन प्रमंडल के अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन हाथी को खदेड़ने का कोई कार्य नहीं किया गया। मजबूरी में दोनों सीमा क्षेत्र के लोगों को मिलकर हाथियों को भगाना पड़ रहा था, जिसके परिणामस्वरूप भागने के क्रम में युवक राजू पूर्ति की जान चली गई।मृतक राजू पूर्ति मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। ग्रामीणों ने बताया कि उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा और सहायता देने की मांग की है।
