
जमशेदपुर। टाटा पावर मजदूर यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जोजोबेड़ा स्थित टाटा पावर में कार्यरत मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उप श्रमायुक्त महोदय को 8 सूत्री मांग पत्र सौंपा। यूनियन ने वर्षों से कार्यरत मजदूरों के हितों की रक्षा और उनकी सुविधाओं को सुनिश्चित करने की मांग की है।
मांग पत्र के प्रमुख बिंदु
यूनियन द्वारा उप श्रमायुक्त को सौंपे गए 8 सूत्री मांग पत्र में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें शामिल हैं 5, 10 एवं 20 वर्षों से निरंतर कार्यरत मजदूरों को उनकी दक्षता और अनुभव के अनुरूप अपग्रेड किया जाए।महिला मजदूरों के बच्चों के लिए कार्यस्थल पर क्रेच (पालना घर) की समुचित व्यवस्था की जाए। ठेका परिवर्तन की स्थिति में भी मजदूरों को उसी कार्यस्थल पर नियोजित रखा जाए। वेतन भुगतान से पूर्व सभी मजदूरों को अनिवार्य रूप से पेमेंट स्लिप उपलब्ध कराई जाए।सभी मजदूरों को वार्षिक अवकाश एवं बोनस की सुविधा सुनिश्चित की जाए। टाटा पावर की परमानेंट (स्थायी) प्रक्रिया में वर्षों से कार्यरत मजदूरों को प्राथमिकता दी जाए। 30 दिन कार्य करने पर मजदूरों को ओवरटाइम (ओटी) का दोगुना भुगतान किया जाए। छुट्टी के दिन कार्य कराने पर मजदूरों को एक दिन का प्रतिपूरक अवकाश दिया जाए।
वार्ता का आश्वासन
मजदूर यूनियन के प्रतिनिधियों से मांग पत्र प्राप्त करने के बाद, उप श्रमायुक्त महोदय ने सभी मांगों पर बिंदुवार जांच करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में टाटा पावर प्रबंधन एवं मजदूर प्रतिनिधियों के बीच संयुक्त वार्ता आयोजित की जाएगी, ताकि इन समस्याओं का उचित समाधान निकाला जा सके।यूनियन ने उम्मीद जताई है कि उप श्रमायुक्त के हस्तक्षेप से मजदूरों की वर्षों पुरानी समस्याओं का निवारण हो सकेगा।
