
जमशेदपुर: लौहनगरी के साकची स्थित बारी मैदान क्लब हाउस में रविवार को ‘राज्य स्तरीय इंडियन एबेकस एवं मेंटल अरिथमेटिक प्रतियोगिता 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए सैंकड़ों विद्यार्थियों ने अपनी अद्भुत गणनात्मक क्षमता और मानसिक एकाग्रता का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि ने थपथपाई बच्चों की पीठ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. निखिल कुमार(वैज्ञानिक, CSIR-NML, जमशेदपुर) ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। नन्हे बच्चों को पलक झपकते ही गणित के कठिन सवालों को हल करते देख वे अचंभित रह गए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों की लगन और अनुशासन यह दर्शाता है कि झारखंड का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
तीन महीने की मेहनत लाई रंग
इंडियन एबेकस झारखंड के स्टेट हेड श्री संजीव सिंह ने बताया कि इस राज्य स्तरीय मंच तक पहुंचने के लिए छात्र पिछले तीन महीनों से कड़ी मेहनत और अभ्यास कर रहे थे। उन्होंने प्रतियोगिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा “यह प्रतियोगिता केवल गणित में गति और शुद्धता तक सीमित नहीं है। एबेकस के माध्यम से बच्चों की कल्पनाशक्ति, एकाग्रता और आत्मविश्वास में जो वृद्धि होती है, वह उनके संपूर्ण शैक्षणिक जीवन और करियर के लिए एक मजबूत आधार तैयार करती है।
एकाग्रता और मानसिक क्षमता का अनूठा संगम
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों के संज्ञानात्मक विकास को प्रोत्साहित करना था। मेंटल अरिथमेटिक के राउंड्स के दौरान बच्चों ने बिना किसी कैलकुलेटर या पेन-कागज के, केवल उंगलियों के इशारों और मानसिक चित्रण के जरिए जटिल जोड़-घटाव हल किए।
विजेताओं को मिला सम्मान
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी बच्चों को पदक और चमकदार ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। बच्चों के चेहरों पर जीत की खुशी और हाथ में ट्रॉफी देख अभिभावकों ने भी टीम इंडियन एबेकस झारखंड की सुव्यवस्थित व्यवस्था की जमकर सराहना की।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में टीम इंडियन एबेकस झारखंड के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में संजीव सिंह ने सभी प्रतिभागियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस सफल आयोजन का हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद दिया।
