
जमशेदपुर: झारखंड में आगामी निकाय चुनावों की सुगबुगाहट के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी जमशेदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय (तिलक पुस्तकालय) में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण रायशुमारी की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलना और संगठन की मजबूती का आकलन करना था।
बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने ठोकी दावेदारी
इस बैठक की सबसे बड़ी चर्चा पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता की दावेदारी रही। बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी के साथ रायशुमारी में शामिल हुए, जहां सुधा गुप्ता ने मानगो नगर निगम के लिए मेयर पद पर अपनी आधिकारिक दावेदारी पेश की। सुधा गुप्ता की सक्रियता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी मौजूदगी ने मानगो की राजनीति में एक नया समीकरण पैदा कर दिया है।
कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र
सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक के दौरान मरावी ने कहा निकाय चुनाव लोकतंत्र की जमीनी बुनियाद हैं। हमें गुटबाजी से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करना होगा। कार्यकर्ता अभी से जनता के बीच जाएं और सरकार की जनहितैषी योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं।उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी योग्य और जनाधार वाले उम्मीदवारों को ही प्राथमिकता देगी।
जमशेदपुर के तीन निकायों पर नजर
जमशेदपुर जिले में मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण निकायों मानगो नगर निगम,जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में चुनाव होने हैं।पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इन क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
कोर्ट में फंसा है पेंच, पर तैयारियां युद्धस्तर पर
गौरतलब है कि झारखंड में निकाय चुनाव का मामला फिलहाल माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट समय-सीमा या दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इसके बावजूद, कांग्रेस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती और चुनावी मोड में नजर आ रही है।
बैठक में रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण रायशुमारी में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के अलावा जिला अध्यक्ष, विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष और भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक में टिकट के अन्य दावेदारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपनी बात सह-प्रभारी के समक्ष रखी।
